मूंगदाल का हलवा
- मूंग की धुली दाल - 2 कप (200 ग्राम)
- देसी खांड - 2.5 कप (250 ग्राम)
- घी - 2 कप (200 ग्राम)
- इलाइची - 4 (छील कर पीस लें)
- किशमिश - 1 टेबल स्पून
- काजू - 20 से 25
- बादाम – 7 से 8
- पिस्ते -10 से 12
दाल पीसिए
मूंग की दाल को धोकर 5 से 6 घंटे के लिए पानी में भिगो दीजिए. 6 घंटे बाद दाल को धोकर पानी से निकाल लीजिए. इस दाल को मिक्सी में डालकर बिना पानी के हल्का दरदरा पीसकर तैयार कर लीजिए.
दाल भूनिए
दाल पीसने के बाद, कड़ाई गरम कीजिए और आधा घी कड़ाई में डाल दीजिए. घी के पिघलने पर पिसी हुई दाल कड़ाई में डाल दीजिए. दाल को लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर हल्की ब्राउन होने और अच्छी महक आने तक भून लीजिए.
दाल के हल्के ब्राउन रंग के होने और दाल से घी अलग होने पर दाल भुनकर तैयार है,
चाशनी बनाइए
अब इसमें देसी खांड डाल दीजिए. साथ ही 1.5 कप पानी डाल दीजिए और गैस जलाकर देसी खांडके घुलने तक चाशनी को पकने दीजिए. इसी दौरान, मेवे काट लीजिए. प्रत्येक काजू के 6 से 7 टुकड़े कर लीजिए और बादाम और पिस्तों को पतला-पतला लंबा काट लीजिए. इलाइची को कूटकर पाउडर भी बना लीजिए.
देसी खांड के घुलते ही इसे चमचे से चला लीजिए, चाशनी बनकर तैयार है. चाशनी को भुनी दाल-मावा में डाल दीजिए और मिला लीजिए. इसे मध्यम आंच पर हलवे की कन्सिस्टेन्सी आने तक लगातार चलाते हुए पका लीजिए. साथ ही, हलवे में कटे हुए बादाम-काजू तथा किशमिश डालकर मिक्स कर दीजिए.
हलवे की गाढ़ी कन्सिस्टेन्सी आने पर इसमें इलाइची पाउडर डालकर मिला दीजिए. हलवा बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और हलवे को एक प्याले में निकाल लीजिए. हलवे पर 1 चम्मच घी डाल दीजिए. इससे हलवा दिखने में बढिया तो लगेगा ही, साथ में स्वाद भी बढ़ जाएगा.
कटे हुए पिस्तों और बादाम से हलवे को गार्निश कीजिए. मूंग की दाल का लज़ीज़ हलवा बनकर तैयार है. मूंग की दाल के हलवे को फ्रिज में रखकर पूरे एक हफ्ते तक खाया जा सकता है.
सुझाव
- मूंग दाल के बराबर ही घी डालकर दाल को भूनें, तो वह बरतन के तले पर चिपकती नहीं है.
- हलवे में देसी खांड आप अपनी पसंद अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
- हलवे में मेवे आप जो डालना चाहें डाल सकते हैं. इसमें आप चिरौंजी, नारियल या जो पसंद हो उसे डाल सकते हैं.
Comments
Post a Comment